फिर एक दिन बिना कुछ बताए घर से गायब हो गई। बाद में पता चला कि वह डॉक्टर के रामबाग वाले फ्लैट में रहती है। इस पर वह दामाद को साथ लेकर वहां गई। लेकिन उससे मुलाकात नहीं हुई। पूछने पर डॉक्टर ने बेटी के बारे में कोई जानकारी होने से इंकार कर दिया। उल्टा सवाल करने लगे कि तुम्हारी बेटी है ऐसे में तुम्हें पता होना चाहिए कि वह कहां है।
मां ने बताया कि इसके बाद बेटी ने कभी उससे संपर्क नहीं किया। न ही घर आई। ऐसे में उसने भी उससे नाता तोड़ लिया। बताया कि बेटी के चले जाने की बात मोहल्ले के लोगों को भी मालूम चल गई थी। शुक्रवार को वह काम करने पहुंची तो मकान मालकिन से इस घटना का पता चला। इसके बाद वह मर्चरी पहुंची तो पता चला कि मृतका उसकी बेटी है।
अच्छी तरह से जानते थे डॉक्टर
मृतका की मां का कहना है कि डॉक्टर बेटी ही नहीं बल्कि उसके परिवार को भी अच्छी तरह से जानते थे। बेटी ने एक बार उसे यह भी बताया था कि डॉक्टर उसे साफ-सफाई के लिए रामबाग स्थित फ्लैट पर ले जाते हैं। इस पर उसने ऐतराज भी जताया था, लेकिन बेटी नहीं मानी। यह पूछने पर कि घटना के बाद डॉक्टर मृतका को पहचानने की बात से क्यों इंकार करते रहे, उसका कहना था कि यह वही बता सकते हैं।
पत्नी का हो चुका है निधन, दो बेटियां भी हैं बाहर
मृतका की मां ने बताया कि वह डॉक्टर के परिवार को अच्छी तरह से जानती है। उनकी पत्नी की मौत हो चुकी है। दो बेटियां हैं जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। जबकि एक बेटी पढ़ाई के सिलसिले में बाहर रहती है।
बड़ा सवाल, डॉक्टर ने जानकारी से क्यों किया इंकार
मृतका की मां के बयान के बाद अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर डॉक्टर मृतका के बारे में जानकारी होने की बात से क्यों इंकार करते रहे। गौरतलब है कि घटना के बाद उनकी ओर से पुलिस को जो लिखित सूचना दी गई, उसमें भी यही बताया था कि महिला फ्लैट की देखरेख करती थी। नाम के अलावा वह अन्य कोई जानकारी से इंकार करते रहे थे। शुक्रवार को भी वह पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद रहे, लेकिन चुप्पी साधे रखी। साउथ मलाका चौकी प्रभारी कृष्णमुरारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि डॉक्टर एक दिन पहले के ही बयान पर कायम हैं। युवती के बारे में जानकारी न होने की बात कह रहे हैं।