Hope for the resurgence in LT grade candidates
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की पूर्व परीक्षा नियंत्रक अंजू कटियार की बेल हाईकोर्ट से मंजूर होने के बाद एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों में रिजल्ट की आस जग गई है। एलटी ग्रेड अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को मम्फोर्डगंज में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
अभ्यर्थियों ने दावा किया कि एलटी ग्रेड परीक्षा के पेपर लीक मामले की जांच कर रही एसटीएफ को अब तक कोई ठोस सुबूत नहीं मिले हैं। इसके बावजूद एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के दो सबसे महत्वपूर्ण विषयों हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय का अंतिम चयन परिणाम फंसा हुआ है। अभ्यर्थियों का कहना है कि अंजू कटियार को जमानत मिलने के बाद हिंदी एवं सामाजिक विज्ञान के रिजल्ट का रास्ता साफ हो गया है और उम्मीद है कि आयोग जल्द ही दोनों विषयों का रिजल्ट जारी करेगा।
अभ्यर्थियों ने यह मांग भी की कि एसटीएफ को पूर्व परीक्षा नियंत्रक से माफी मांगनी चाहिए। वहीं, आयोग के अध्यक्ष को अपना वादा निभाते हुए रिजल्ट शीघ्र जारी करना चाहिए। एलटी समर्थक मोर्चा के अध्यक्ष शेर सिंह ने कहा कि 13 माह से चल रहे आंदोलन को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। यह मांग भी है कि जिन विषयों का सत्यापन हो चुका है, उनकी फाइलें भी अब निदेशालय में भेज देनी चाहिए। इस मौके पर मोर्चा उपाध्यक्ष मनोज वर्मा, दिनेश प्रसाद, नितिन चौधरी, संजय कुशवाहा, रजनीश, विनोद, कपिल अनिल उपाध्याय, शिव बहादुर, पवन तिवारी, अरविंद सरोज आदि मौजूद रहे।