नगर निगम के कर विभाग ने भवन स्वामियों की दौड़भाग कम करने के लिए एसएमएस से गृहकर संबंधी जानकारी देने का काम शुरू कर दिया है। इस हाईटेक व्यवस्था के तहत वर्तमान और बकाया धनराशि की सूचना भी दी जाएगी। साथ ही गृहकर का भुगतान करने पर उपभोक्ता को एसएमएस भेजा जाएगा।
हैंड हेल्ड मशीनों से घर-घर गृहकर वसूली के काम को शुरू करने वाले नगर निगम के अधिकारियों ने सभी गृह स्वामियों को एसएमएस के जरिए गृहकर की सूचना देने का काम शुरू किया है। अभी ट्रायल के तहत शुरू यह सेवा तीन दिन में अपडेट कर ली जाएगी। साथ ही एक जून से हैंड हेल्ड मशीनों से निगम मुख्यालय और सभी जोनल कार्यालयों में गृहकर वसूली का काम शुरू किया जाएगा।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके मिश्रा के मुताबिक हैंड हेल्ड मशीनों से कर वसूली और एसएमएस से सूचना देने से गृहस्वामियों को सहूलियत होगी। सारी व्यवस्था ऑनलाइन होगी, भुगतान होते ही खाते में जमा की गई धनराशि की पोस्टिंग हो जाएगी। इससे रसीद खोने या अभिलेखों में भुगतान रकम जमा न होने की शिकायतें लगभग समाप्त हो जाएंगी।
गृहकर जमा करने वाले शहरियों को अब दस फीसदी छूट का लाभ 30 जून तक मिलेगा। महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी के निर्देश पर नगर निगम के कर विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। अभी तक यह सुविधा 31 मई तक के लिए ही थी। वहीं कर विभाग नए बिल भी जारी कर रहा है। इसी महीने सभी उपभोक्ताओं तक बिल पहुंचाने की तैयारी की गई है। वैसे गृहकर संबंधी सूचनाएं एसएमएस के जरिए भेजी जा रही हैं, जिसके आधार पर बिल का भुगतान किया जा सकता है।