राजकीय लाल बहादुर शास्त्री होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज में जल्द ही मरीजों को 100 बेड के अतिरिक्त वार्ड की सुविधा मिलेगी। जहां पर एक ओटी, बच्चों के लिए 35 बेड का एनआईसीयू, 65 जनरल बेड के अलावा सीटी स्कैन, एक्सरे, पैथोलॉजी की जांच सुविधा भी उपलब्ध होगी।
इस वार्ड को संचालित करने के लिए होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। वार्ड को संचालित करने के लिए अलग से बजट व कर्मचारियों की मांग की जाएगी। इसके अलावा चिकित्सकों की मांग की भी तैयारी है। ऐसे में जल्द ही डीपीआर जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी।
दरअसल, कोरोना काल के दौरान वर्ष 2021 में मरीजों की संख्या को देखते हुए फाफामऊ स्थित राजकीय लाल बहादुर शास्त्री होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज की इमारत में 100 बेड के वार्ड की स्थापना की गई थी। इस वार्ड में एक ओटी, बच्चों के लिए 35 बेड का एनआईसीयू, 65 जनरल बेड के अलावा सीटी स्कैन, एक्सरे, पैथोलॉजी की जांच सुविधा उपलब्ध है।
वहीं, कोरोना संक्रमण के बाद से यह वार्ड बंद पड़ा था। ऐसे में होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज ने इस वार्ड को संचालित करने की मांग की थी। क्योंकि कॉलेज प्रशासन के पास सिर्फ 65 बेड का वार्ड ही मौजूद है। ऐसे में लंबी प्रक्रिया के बाद 100 बेड के वार्ड को होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज प्रशासन के हैंडओवर कर दिया गया।
वहीं, अब इस वार्ड को संचालित करने की तैयारी में कॉलेज प्रशासन जुट गया है। इसके लिए होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज प्रशासन की तरफ से वार्ड बॉय, नर्स, लैब टेक्नीशियन, चिकित्सक व अन्य कर्मचारियों की मांग की सूची तैयार की जा रही है। वहीं, कुछ विशेषज्ञों से भी कॉलेज प्रशासन विचार-विमर्श कर रहा है।
ऐसे में जल्द ही मांगों का ब्योरा कॉलेज प्रशासन की तरफ से जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। इसके बाद मांगों की सूची शासन को भेजी जाएगी। वहीं, शासन से मंजूरी मिलने के बाद ही वार्ड को संचालित करने की तैयारी की जाएगी।
इस वार्ड के शुरू होने से एक तरफ जहां होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज के पास बेडों की संख्या 65 की जगह 165 हो जाएगी। वहीं, दूसरी तरफ प्रतापगढ़, कुंडा, सोरांव सहित अन्य क्षेत्र के लोगों को और भी बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा।
वार्ड कॉलेज प्रशासन को हैंड ओवर हो चुका है। अब इसके संचालन की तैयारी है। इसके लिए अतिरिक्त बजट व कर्मचारियों की एक सूची तैयार की जा रही है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद वार्ड को शुरू किया जाएगा।
- डॉ. अनिल मिश्रा, उप प्रधानाचार्य, राजकीय लाल बहादुर शास्त्री होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज