प्रयागराज। यीशु के आगमन की खुशियां में घर और गिरजाघरों में तैयारियां तेज हैं। साफ-सफाई, रंगाई-पुताई के साथ ही यीशु जन्म के दृश्यों को रेखांकित करने के लिए चरनी सजाने और क्रिसमस मेले के लिए भी तरह-तरह की तैयारियां जारी हैं। घरों में सोफा कवर, कुशन से लेकर पर्दे तक बदले गए हैं। ज्यादातर घरों, गिरजाघरों में क्रिसमस केक, बेक करा लिए गए हैं। साथ ही चिकेन के आर्डर भी दिए गए हैं।
सीएनआई की लखनऊ डायोसिस और रोमन कैथॉलिक के बिशप हाउस, सेंट जोसेफ सेमिनरी, नाजरेथ अस्पताल, एंसेबली ऑफ विलीवर्स चर्च, सेंट पीटर्स चर्च, इंवेजिकल चर्च ऑफ इंडिया, जमुना चर्च, सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च, कटरा, चौक, सेंट पॉल्स आदि गिरजाघरों सहित सेंट जोसेफ और अन्य स्कूलों में पुतलों और घास-फूस सहित कई तरह की चीजों से आकर्षक झांकियां तैयार की जा रही हैं। गिरजाघरों में रंगीन कपड़ों और कागजों के अतिरिक्त बिजली की रंगबिरंगी झालरों से आकर्षक सजावट की गई है।
लखनऊ डायोसिस के सचिव और म्योराबाद स्थित सेंट पीटर्स चर्च के पादरी प्रवीण मैसी कहते हैं, चर्च के ऑल्टर सहित मिस्सा बलिदान से जुड़ी चीजों की भी साफ-सफाई कराई गई है। शहर में चौक, कटरा, प्रीतमनगर, सिविल लाइंस के बाजारों में चरनी, क्रिसमस ट्री की चीजों से दुकानें सजी हैं। वहीं सेंट जोसेफ, सेंट मेरीज, सिविल लाइंस में सड़क की पटरियों पर सेंटा की तरह-तरह की ड्रेस खूब बिक रही है जो आने-जाने वालों विशेषकर बच्चों को लुभा रही है। क्रिसमस के क्वाअर्स की ओर से मिडनाइट सर्विस पर कैरल गीतों के गायन की तैयारियां भी जारी हैं।
बोतली प्रतिमाएं सुनाएंगी बाइबिल की कहानी
प्रयागराज। सिविल लाइंस स्थित ऑल सेंट्रस कैथिड्रल में घास-फूस और तरह-तरह के खिलौनों से मेंजर सीन ‘चरनी का दृश्य’ तैयार किया जा रहा है। लेकिन, सेंट जोसेफ स्कूल परिसर में बोतली प्रतिमाएं बाइबिल की कहानी सुनाएंगी। यीशु को क्रूस पर लटकाए जाने के पूरे घटनाक्रम को पहली बार मूर्तियों के माध्यम से दिखाया जाएगा।
इसकी तैयारी कर रही मूर्तिकार दिलीप गोस्वामी कहते हैं, इसकी तैयारी पूरे एक महीने पहले ही शुरू कर दी गई थी। दर्जन भर मूर्तिकारों की टीम रात दिन जुटी है। दिल्ली और कोलकाता से सजावट की चीजें मंगाई गई हैं। खास यह कि प्रदर्शनी में सृष्टि के आरंभ से लेकर यीशु को दोबारा जी उठने तक के दृश्यों को मूर्तियों के माध्यम से दर्शाया गया है। प्रभावी दृश्यों से लोगों को समझने में आसानी होगी।
सेंट जोसेफ में क्रिसमस मेला बुधवार से
प्रयागराज। सेंट जोसेफ कालेज परिसर में 25 से 27 दिसंबर तक दिन में दो से रात आठ बजे तक क्रिसमस मेला सजेगा। बुधवार को दिन में दो बजे उद्घाटन के बाद लोग प्रभु यीशु के जन्म की आकर्षक झांकी, प्रदर्शनी, तरह-तरह के खेलकूद, घोड़े, ऊंट की मस्ती भरी सवारी आदि का लुत्फ ले सकेंगे। मनोरंजक खेलों सहित खाने-पीने के स्टाल भी लगाए जाएंगे। लकी ड्रा वाले कार्यक्रम भी होंगे।
ऑल सेंट्स कैथिड्रल
--------------
23 दिसंबर/सुबह नौ बजे/होली कम्युनियन
24 दिसंबर/रात दस बजे/बोन फायर
24 दिसंबर/रात 11 बजे/मिडनाइट वर्शिप सर्विस
25 दिसंबर/सुबह नौ बजे/क्रिसमस डे
30 दिसंबर/सुबह नौ बजे/होली कम्युनियन
31 दिसंबर/शाम 4.30 बजे/इवेन सांग
पहली जनवरी/सुबह नौ बजे/न्यू इयर-होली कम्युनियन
सेंट जोसेफ कैथिड्रल
---------------
23 दिसंबर/सुबह आठ बजे/होली कम्युनियन-अंग्रेजी
23 दिसंबर/सुबह दस बजे/होली कम्युनियन-हिन्दी
24 दिसंबर/रात 11.15 बजे/कैरल सिंगिंग
24 दिसंबर/रात 12 बजे/मिडनाइट वर्शिप सर्विस
25 दिसंबर/सुबह नौ बजे/क्रिसमस डे