इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हॉलैंड हॉल और डॉ.तारा चंद छात्रावास पिछले तीन दिनों से अराजकता का अड्डा बन गए हैं। इन हॉस्टलों के छात्र एक-दूसरे मारपीट, सड़कों पर हुड़दंग कर रहे हैं। इस मामले को विवि प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लेते हुए हॉस्टलों के अधीक्षक एवं संरक्षक को पत्र लिखा है। उन्होंने ऐसी हरकतों पर तत्काल नियंत्रण न लगने पर 15 दिनों के लिए दोनों छात्रावासों को खाली कराने की चेतावनी दी है।
कुलानुशासक की ओर से बुधवार को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि आए दिन मारपीट, अराजकता के बावजूद इस संबंध में कोई शिकायती पत्र नहीं दिया जा रहा है। न ही एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। हॉस्टल के छात्र दिन में दो-तीन बार विवि परिसर में आतंक मचाकर कक्षाएं बाधित कर रहे हैं। इस भीड में विद्यार्थियों के अलावा अराजक तत्व भी शामिल रहते हैं। उन्होंने दोनों हॉस्टलों के अधीक्षकों से कहा है कि परिसर में शांति एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुशासन बनाए रखने की आवश्यकता है। यदि इस कार्य को तत्काल नियंत्रित नहीं किया गया तो कुलपति से 15 दिनों के लिए हॉस्टलों को खाली कराने की अनुमति लेकर कार्रवाई की जाएगी।