संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा में देशभर के लाखों छात्रों ने भाग लिया। परीक्षा के बाद छात्रों ने बताया कि सामान्य ज्ञान के खंड में खास तौर पर इतिहास और भूगोल के प्रश्न अत्यधिक कठिन थे, गणित के प्रश्नों ने भी खूब छकाया, जबकि अंग्रेजी का पेपर अपेक्षाकृत संतुलित और आसान स्तर का रहा।
छात्रों ने बताया कि इतिहास में गहराई से पूछे गए तथ्यों और भूगोल के सवालों ने उन्हें सोचने पर मजबूर कर दिया। वहीं, अंग्रेजी के पेपर में व्याकरण और समझबूझ आधारित प्रश्न अपेक्षाकृत सीधे थे, जिससे इस खंड को हल करना थोड़ा आसान लगा।
छात्रों ने बताया कि गणित के प्रश्नों को हल करने में समय लगा। जीएस के पेपर में सबसे ज्यादा प्रश्न विज्ञान के 26 और इतिहास के 20 थे। वहीं, भूगोल के भी 15 प्रश्न थे।
लोक सेवा आयोग स्थित परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने पहुंचे झांसी के विशाल आर्या ने बताया कि जीके में इतिहास और जीव विज्ञान को छोड़कर सब आसान था। वहीं, गणित के पेपर में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कुछ प्रश्न अधिक कठिन थे।
वहीं, प्रतापगढ़ के राज सिंह ने बताया कि अंग्रेजी का पेपर तो ठीक था, लेकिन ईकोनाॅमिक्स और इतिहास का पेपर कठिन था। पॉलिटी और कंप्यूटर के प्रश्न भी आसान रहे। गणित के कुछ प्रश्न तो अधिक कठिन रहे जबकि बाकी मध्यम दर्जे के थे।
अयोध्या से आए विग्नेश प्रताप ने बताया कि अंग्रेजी तो आसान थी। सामान्य ज्ञान के पेपर में इतिहास, भूगोल और इकोनॉमिक्स कठिन रहे और गणित का पेपर भी मध्यम से थोड़ा कठिन था।
वहीं, प्रयागराज के रवी रंजन ने बताया कि इतिहास तो कठिन था लेकिन, विज्ञान आसान लगा। अंग्रेजी का पेपर भी मध्यम दर्जे का था। गणित का पेपर भी ठीक ही था। कुछ कठिन प्रश्न तो सभी पेपर में होते हैं तो गणित में भी थे।
एनडीए में 73.31 प्रतिशत और सीडीएस में 51.34 प्रतिशत छात्र रहे उपस्थित
प्रयागराज। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा रविवार को आयोजित सीडीएस की परीक्षा तीन पालियों में और एनडीए की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। एनडीए की प्रथम पाली में 73.42 प्रतिशत छात्र और दूसरी पाली में 73.20 प्रतिशत छात्रों के साथ कुल 17,548 छात्रों में से 12,865 छात्र उपस्थित रहे। वहीं, सीडीएस की प्रथम पाली में कुल 58.01 प्रतिशत, दूसरी पाली में 58.13 प्रतिशत और तीसरी पाली में 56.29 प्रतिशत छात्रों के साथ कुल 12,493 में से 6415 छात्र उपस्थित रहे। संवाद
सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स की परीक्षा में 33.60 प्रतिशत छात्र रहे उपस्थित
प्रयागराज। संघ लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (असिस्टेंट कमांडेंट) की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली मेें 34.63 प्रतिशत छात्र और दूसरी पाली में 32.57 प्रतिशत छात्रों के साथ कुल 19,414 में से 6524 छात्र उपस्थित रहे। संवाद