एमएनएनआईटी कर्मियों को हिंदी भाषा में काम करने के लिए किया प्रोत्साहित
प्रयागराज। मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनएनएनआईटी) में हिंदी पखवाड़ा के तहत हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान आमंत्रित वक्ता प्रबंधक (राजभाषा) भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण गौरांग पाल ने ब्रिटिश शासन के दौरान स्वतंत्रता संग्राम में हिंदी के योगदान और हिंदी के विकास में प्रयागराज की भूमिका की चर्चा की।
उप निदेशक (राजभाषा) आयकर विभाग प्रकाश चंद्र मिश्र ने विश्व पटल पर हिंदी की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता और आम बोलचाल में इसकी उपयोगिता पर चर्चा की। संस्थान के कार्यवाहक निदेशक प्रो. एमएम गोरे ने राजभाषा नियमों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने संस्थान के सभी कर्मचारियों को अधिक से अधिक काम सरल एवं सहज हिंदी भाषा में करने के लिए प्रोत्साहित किया। सहायक कुलसवि सत्यजीत कुमार ने गृहमंत्री अमित शाह और अधीक्षक अनिरुद्ध चौधरी ने मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक का संदेश पत्र पढ़ा। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सत्यजीत कुमार ने किया। इस मौके पर डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी, प्रो. गीतिका, प्रो. अनिल कुमार, प्रो. एसजे पवार आदि मौजूद रहे।