ज्योतिष्पीठाधीश्वर एवं द्वारका शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानन्द सरस्वती जी महाराज के प्रतिनिधि शिष्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के साथ मेला प्रशासन की ओर से किए गए व्यवहार की निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानन्द सरस्वती जी महाराज के साथ भी ऐसा ही बर्ताव किया गया था।
उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश और देश में तथाकथित रूप से हिन्दुओं की सरकार हो, जहां शासक स्वयं भगवाधारी हो, वहां सनातन धर्म के सर्वोच्च आचार्यों में से एक के प्रति ऐसा व्यवहार अकल्पनीय है । विगत पैंसठ से अधिक वर्षों से शिविर लगाने वाले आचार्य के साथ यथोचित व्यवहार किया जाना चाहिए। परम श्रद्धेय पीठों पर विराजे आचार्यों का अनादर अनुचित है। इस बारे में शासन-प्रशासन अविलंब ध्यान दे ताकि पुरी पीठाधीश्वर की मानसिक पीड़ा दूर हो सके।
अर्द्धकुंभ को कुंभ बतानेवाले सीएम योगी माफी मांगे
प्रयागराज। समाजसेवी तारिक सईद अज्जू ने अर्द्धकुंभ को कुंभ बताने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ से देश से माफी मांगने को कहा है। कहा, प्रधानमंत्री की ओर से अर्द्धकुंभ कहे जाने से स्पष्ट हो गया कि वर्ष 2019 में अर्द्धकुंभ ही है जबकि मुख्यमंत्री योगी लगातार इसे कुंभ साबित करने में जुटे हैं।
पार्षद मुमताज ने भेजा अमिताभ को कुंभ का न्योता
प्रयागराज। पार्षद मुमताज अंसारी ने प्रयागराज के लोगों की ओर से सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से ब्रांड एंबेसडर बनने सहित कुंभ में आने का आग्रह किया है। कहा, अमिताभ को कुंभ मेले का ब्रांड एंबेसडर न बनाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।