कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए माघ मेले के प्रमुख स्नान पर्वों पर उमड़ने वाली भीड़ से बचने के मामले में हाईकोर्ट से आदेश जारी करने की मांग की गई है। इस संबंध में हाईकोर्ट में मंगलवार को जनहित याचिका दायर की गई है।
तीन अधिवक्ताओं की ओर से दाखिल याचिका में कहा गया है कि प्रयागराज जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। 14 जनवरी से माघ मेला शुरू हो रहा है। मेले में बड़ी संख्या में यहां श्रद्धालु पहुंचेंगे और महीने भर का कल्पवास करेंगे। कल्पवासियों के साथ उनके परिजनों का भी आनाजाना रहता है। ऐसे में मेले में भीड़ बढ़ेगी, जिससे संक्रमण ज्यादा घातक साबित हो सकता है।
लिहाजा, मेले में होने वाले प्रमुख स्नान पर्वों पर निश्चित संख्या में ही श्रद्धालुओं को स्नान का मौका दिया जाए। इसके अलावा वहां ज्यादा संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी न हो। इसके लिए भी ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है। याचिका में पूरे माघ मेले केदौरान बिना आरटीपीसीआर की जांच की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने और बिना जांच रिपोर्ट के मेले में प्रवेश दिए जाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है। अधिवक्ता सिद्धार्थ बघेल ने कहा कि सुनवाई की तिथि जल्द तय होने की संभावना है।