प्रयागराज। करीब तीन साल के अंतराल के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अपने लॉ जर्नल इंडियन लॉ रिपोर्ट (आईएलआर) का प्रकाशन फिर से शुरू कर दिया है। सोमवार को मुख्य न्यायाधीश के लाइब्रेरी कक्ष में मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर ने इसका शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने लखनऊ में ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस मौके पर आयोजित समारोह में हाईकोर्ट के सभी न्यायमूर्तिगण और अपर महाधिवक्तागण उपस्थित थे। आईएलआर कमेटी की चेयरपर्सन न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल और सदस्य न्यायमूर्ति एसडी सिंह के अलावा इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विधि विभाग के अध्यक्ष प्रो. आरके चौबे भी आमंत्रित अतिथियों में शामिल थे।
आईएलआर के संपादकीय मंडल में दो वरिष्ठ अधिवक्ताओं विनय सरन और समीर शर्मा को शामिल किया गया है। इनका सहयोग करने के लिए दस अधिवक्ताओं जिसमें पांच महिला अधिवक्ता हैं, को जूनियर लॉ रिपोर्टर बनाया गया है। मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर ने कहा कि लॉ रिपोर्ट के प्रकाशन से अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों को काफी सहायता मिलेगी। लॉ रिपोर्ट मेें ऐसे निर्णयों को शामिल किया जाता है जिनमें अदालत ने किसी महत्वपूर्ण विधि प्रश्न पर निर्णय सुनाया हो या किसी विधिक विवाद की स्थिति को स्पष्ट किया है। ऐसे निर्णयों को निर्णय सुनाने वाले न्यायाधीश एएफआर (अप्रूव्ड फॉर रिपोर्टिंग) घोषित करते हैं।