इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश हायर ज्यूडिशियल सर्विस (यूपीएचजेएस)-2023 की मुख्य लिखित परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा सीधी भर्ती और सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा दोनों श्रेणियों के लिए आयोजित की जाएगी।
हाईकोर्ट की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार मुख्य परीक्षा का आयोजन एक अगस्त 2026 और दो अगस्त 2026 को दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी।
सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा के तहत एक अगस्त 2026 को प्रथम पाली में कोई परीक्षा नहीं होगी, जबकि द्वितीय पाली में लॉ-प्रथम का पेपर आयोजित किया जाएगा। दो अगस्त 2026 को प्रथम पाली में लॉ-द्वितीय तथा द्वितीय पाली में लॉ-तृतीय की परीक्षा होगी।
वहीं सीधी भर्ती परीक्षा के लिए एक अगस्त 2026 को प्रथम पाली में सामान्य ज्ञान और विधिक भाषा का पेपर होगा तथा द्वितीय पाली में लॉ-प्रथम की परीक्षा आयोजित की जाएगी। दो अगस्त 2026 को प्रथम पाली में लॉ-द्वितीय और द्वितीय पाली में लॉ-तृतीय का पेपर कराया जाएगा। अभ्यर्थी हाईकोर्ट की वेबसाइट पर जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।