इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि अपराध काबू करने की विफलता पर पुलिसकर्मी को सिर्फ इस आधार पर दंडित नहीं किया जा कि पुलिस को हमेशा ड्यूटी पर माना जाता है। उसकी लापरवाही को स्पष्ट रूप से साबित किया जाना जरूरी है। पुलिस एक्ट की धारा-22 का हवाला देने का मतलब यह नहीं है कि किसी पुलिस कर्मी को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही का दोषी मान लिया जाए।
इस टिप्पणी के साथ न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा और न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह की खंडपीठ ने मैनपुरी में तैनात रहे दरोगा राजकुमार गोस्वामी को दी गई प्रतिकूल प्रविष्टि की सजा और राज्य लोक सेवा अधिकरण के आदेश को निरस्त कर दिया।
मामले के अनुसार, 26 मार्च 2019 को कोसमा गांव में शादी समारोह के दौरान फोटो खींचने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इस पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज हुई। अगले दिन 27 मार्च को शेरनबी की हत्या हो गई। आरोप था कि चौकी प्रभारी होने के बावजूद दरोगा ने विवाद के बाद समय रहते निरोधात्मक या पर्यवेक्षण संबंधी कार्रवाई नहीं की। इसके लिए उसे प्रतिकूल प्रविष्टि की सजा दी गई थी। विभागीय अपील और पुनरीक्षण में भी उसे राहत नहीं मिली। राज्य लोक सेवा अधिकरण ने भी 18 मई को दावा याचिका खारिज कर दी थी।
इसके खिलाफ याची ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने याचिका स्वीकार कर ली। कहा कि पुलिस सतर्क और चौकस रह सकती है, लेकिन कार्रवाई सूचना के आधार पर ही कर सकती है। पहली एफआईआर में जानलेवा हमले का आरोप लगने के बावजूद ऐसा कोई नियम या विनियम नहीं बताया गया, जिसके तहत दरोगा के लिए शादी समारोह में मौजूद रहने की स्थिति में कोई विशेष कार्रवाई करना अनिवार्य था।
रिकॉर्ड में यह भी नहीं था कि उसे गिरफ्तारी का अधिकार दिया गया था । इसका उसने इस्तेमाल नहीं किया। कोर्ट ने कहा कि किसी आरोपी को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ देने से यह गारंटी नहीं होती कि भविष्य में होने वाली हत्या रुक जाती। अधिकरण का आदेश और सजा निरस्त करते हुए दरोगा को सेवा संबंधी परिणामी लाभ देने का निर्देश दिया।