High alert, intensive checking campaign in the city
- फोटो : CITY DESK
शहर में हाई अलर्ट, चला सघन चेकिंग अभियान
रेलवे, बस स्टेशनों के साथ मॉल व होटलों की चेकिंग
फोर्स लेकर खुद एसपी सिटी उतरे सड़क पर, की पैदल गश्त
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। बुधवार को स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। एसपी सिटी के नेतृत्व में रेलवे, बस स्टेशनों के साथ ही होटल व मॉल की चेकिंग की गई। साथ ही अफसरों ने मयफोर्स पैदल गश्त भी किया।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर पूर्व में ही शासन की ओर से सभी जिलों में चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया था। इस बार कश्मीर में हुई ताजा कार्रवाई के बाद हर जिले के कप्तानों को अतिरिक्त चौकसी बरतने को कहा गया था। जिसके मद्देनजर एक दिन पहले ही शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। शाम को जंक्शन, रामबाग, प्रयाग स्टेशन के साथ ही सिविल लाइंस व जीरो रोड बस अड्डे पर सघन चेकिंग की गई। इसके अतिरिक्त शहर भर के होटलों व मॉल्स में भी फोर्स ने पहुंचकर तलाशी ली। साथ ही चप्पे चप्पे की तलाशी ली। यही नहीं मातहतों की सक्रियता जानने खुद अफसर भी सड़कों पर उतरे। एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सीओ कर्नलगंज रत्नेश सिंह के साथ मयफोर्स सड़कों पर उतरकर फ्लैगमार्च किया। इससे पहले एडीजी जोन एसएन साबत की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में बैठक आयोजित की गई जिसमेें स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर की गई सुरक्षा व्यवस्था के बारे में अफसरों को विस्तृत निर्देश जारी किए गए। इसमेें डीआईजी केपी सिंह, डीएम भानू चंद्र गोस्वामी, एसएसपी अतुल शर्मा समेत तमाम अफसर मौजूद रहे।