कुंभ में जाली करेंसी की खेप के बाद अब बड़े पैमाने पर गांजा पहुंचाने की तैयारी थी। सोमवार को पुलिस टीमों ने एक करोड़ कीमत के गांजा की खेप बरामद कर ली। एक कुंतल 24 किलो गांजा संग एक तस्कर गिरफ्तार हो गया जबकि मादक द्रव्यों की तस्करी करने वाला सरगना निकल भागा।
गिरोह ने तस्करी के लिए मार्शल जीप में स्पेशल केबिन और छत पर जगह बना रखी थी। गाड़ी को सीआरपीएफ की गाड़ियों सरीखा बनाया गया था ताकि पुलिस चेक न करे। बरामद गांजा कुंभ मेला में सप्लाई के लिए उड़ीसा से लाया गया था। इतनी बड़ी बरामदगी की सूचना नारकोटिक्स सेल को भी दी गई है। इससे पहले भी एसओजी ने कई कुंतल गांजा पकड़ा था।
एसएसपी मोहित अग्रवाल को सूचना मिली कि मादक द्रव्यों की तस्करी करने वाले कुंभ मेले में गांजा सप्लाई की तैयारी में हैं। एसएसपी ने एसओजी टीम को जांच के लिए लगाया। सर्विलांस के जरिए तस्करों की बातचीत पकड़ी गई। सोमवार को एसओजी और फूलपुर इंस्पेक्टर ने इफ्को पुलिस चौकी के पास घेरेबंदी की और मार्शल में छिपाए गए सवा कुंतल गांजा को बरामद कर लिया।
एसएसपी के मुताबिक, मौके से सरोज कुमार राय निवासी सिजोली दरसीम सरांय समस्तीपुर बिहार को गिरफ्तार कर लिया गया। सरगना पप्पू उर्फ अजय सिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी डांडी सतहरिया मुंगरा बादशाहपुर जौनपुर निकल भागा। बरामद गांजा उड़ीसा से तस्करी कर लाया गा था। गिरोह ने तस्करी के लिए सीआरपीएफ की गाड़ियां सरीखा इस्तेमाल किया। हूबहू सीआरपीएफ की गाड़ियों जैसा रंग और लोगो लगाकर यह तस्करी कर रहे थे।
बरामद गांजा की कीमत एक करोड़ से अधिक आंकी गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी मनोज रघुवंशी, इंस्पेक्टर फूलपुर महेन्द्र सिंह देव, दरोगा अजय सिंह, राकेश सिंह, मृत्युंजय मिश्र, वेद, धनंजय, धीरेन्द्र साबिर और उदय आदि को एसएसपी ने पांच हजार का इनाम दिया है। एसएसपी के मुताबिक, कई और तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।