धार्मिक उन्माद, आपत्तिजनक टिप्पणी पर स्क्रीन शाट या वायस क्लिप के जरिये की जा सकती है शिकायत
गोपनीय रखी जाएगी शिकायतकर्ता की पहचान
प्रयागराज। सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयानबाजी, धार्मिक विद्वेष फैलाने पर कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। पुलिस ने हेल्पलाइन व्हाट्सएप नंबर (8874327341) जारी किया है। इस नंबर पर कोई भी कॉल कर बता सकता है कि फेसबुक या व्हाट्सएप यूजर ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है। स्क्रीन शाट या वायस क्लिप के जरिए शिकायत की जा सकती है। शिकायत करने वाले की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।
राम मंदिर पर फैसला आने के बाद पुलिस सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी थी जिसके कारण पूरे प्रदेश में दर्जनों लोग पकड़े गए थे। एडीजी लॉ एंड आर्डर के निर्देश पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट की रोक के लिए जिला पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है। एसएसपी के मुताबिक सोशल नेटवर्किंग साइट्स ने समाज में विचारों के आदान प्रदान में क्रांतिकारी परिवर्तन किए हैं। बहुत संख्या में लोग ग्रामीण और शहरी फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर, यूट्यूब और इंस्टाग्राम आदि साइट का प्रयोग कर रहे हैं। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया को दुष्प्रचार का हथियार बना लिया है। वे इसका दुरुपयोग धार्मिक उन्माद फैलाने, धर्मगुरुओं के खिलाफ टिप्पणी करने, दूसरे धर्म के प्रति लोगों में विद्वेष फैलाने और कई बार व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने में कर रहे हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर नजर रखती है लेकिन सभी के पोस्ट या कमेंट पढ़ पाना संभव नहीं है।
इस कारण आम लोगों के लिए हेल्प लाइन नंबर जारी कर दिया गया है, जो व्हाट्सएप पर स्क्रीन शाट, टेक्स्ट मैसेज, वायस क्लिप आदि के माध्यम से शिकायत कर सकते हैं। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध होगी। कभी भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा को नोडल अफसर नियुक्त गया है। समस्या होने पर एसपी क्राइम से सीधे मिलकर अपनी बात कही जा सकती है।
एंटी करप्शन हेल्पलाइन से मिल रही हैं शिकायतें
प्रयागराज। जिला पुलिस ने इससे पहले भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए (9369887221) जारी किया था। उसमें तमाम शिकायतें मिल रही हैं। एसएसपी ने शिकायतों के आधार पर कार्रवाई भी की है।