मधवापुर रेल अंडर ब्रिज के निकट बृहस्पतिवार की दोपहर एक हाइट गेज नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आकर बाइकसवार सैन्यकर्मी व पुत्र जख्मी हो गए। साथ ही बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं हाइट गेज सड़क पर गिर जाने से एक लेन पर दो घंटे से अधिक आवागमन बाधित रहा। ऐसे में दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों को एक ही लेन से गुजरने में परेशानी झेलनी पड़ी।
निरंजन रेल अंडर ब्रिज समेत शहर के तमाम रेल अंडर ब्रिज के दोनों ओर हाइट गेज लगा हुआ है, ताकि अधिक ऊंचाई वाले वाहनों से रेल अंडर ब्रिज को खतरा न हो। मधवापुर रेल अंडर ब्रिज की सुरक्षा के लिए भी उसके दोनों ओर हाइट गेज लगे हुए हैं। दोपहर एक बजे के आसपास खराब डीजे को टाटा मैजिक (लोडर) द्वारा खींच कर सीएमपी की ओर से चुंगी चौराहे की तरफ ले जाया जा रहा था। इसी दौरान डीजे हाइट गेज से टकरा गया और नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आकर बाइक सवार सैन्यकर्मी और पुत्र जख्मी हो गए।
घटना के बाद भी रेलवे की ओर से वहां कोई नहीं पहुंचा। जिस रेल अंडर ब्रिज का हाइट गेज नीचे गिरा, वह पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अधीन है। इस बारे में वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार का कहना है रात भर में हाइट गेज दोबारा लगा दिया जाएगा। साथ ही एक वॉचमैन की भी तैनाती की जाएगी। स्थानीय पुलिस से भी आग्रह है कि वह ज्यादा ऊंचाई वाले वाहनों को रेल अंडर ब्रिज से न गुजरने दें।