शहर में दौड़ रही फर्जी और अनफिट एंबुलेंस के खिलाफ बृहस्पतिवार को आरटीओ विभाग की प्रवर्तन टीम की तरफ से चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 20 से अधिक एंबुलेंस का चालान किया गया और पांच सीज हुई। सीज की गई एंबुलेंस को शहर के विभिन्न थानों में बंद कराया गया है। वहीं यह अभियान अभी 4 से 5 दिनों तक चलने की संभावना है।
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन संजीव गुप्ता के निर्देश पर अमर उजाला में छपी खबर को संज्ञान में लेते हुए यह अभियान चला। इसमें प्रवर्तन की तीन टीमों ने स्वरूप रानी हॉस्पिटल के आसपास, मेडिकल चौराहा और कंपनी बाग के पास कार्यवाही की। इस दौरान निजी कार को अवैध तरीके से एंबुलेंस बनाए जाने के मामले में करीब पांच को सीज किया गया। इसके अलावा 20 अन्य अनफिट एंबुलेंस का चालान करके चेतावनी दी गई कि वाहन स्वामी तत्काल फिटनेस परीक्षण कराकर प्रमाणपत्र हासिल कर ले।