डेनेज सिस्टम फेल, उफनाए नाले, अल्लापुर, राजरूपपुर, नार्थमलाका के सैकड़ों घरों में घुसा पानी
मोरी गेट खुला, पंप चले फिर भी देर रात तक जलजमाव, सफाई दावों की खुली पोल
प्रयागराज। शहर में बुधवार शाम हुई तेज बारिश ने नगर निगम के नाला सफाई और स्वच्छता के दावों की पोल खोल दी। नालों के उफनाने और ड्रेेनेज सिस्टम फेल होने से करीब 40 मिलीमीटर बारिश में ही हर तरफ पानी ही पानी लगा। शहर के अल्लापुर, राजरूपपुर,साउथ मलाका, नार्थमलाका में जलभराव और सीवर लाइन ओवर फ्लो होने से सैकड़ों घरों में पानी घुस गया। नदियों का जलस्तर कम होने से इस समय मोरी गेट खुला है और 15 पंप चलाए जा रहे हैं फिर भी अल्लापुर, जार्जटाउन और टैगोर टाउन इलाके में देर रात तक जलजमाव परेशानी का कारण बना रहा।
स्टेशन रोड, निरंजन डॉट पुल, मेडिकल चौराहे पर जलजमाव से लगा घंटों जाम
झमाझम बारिश से बुधवार को शहर की लगभग हर सड़क और फुटपाथ पानी से लबालब रहे। अधिकांश स्थानों से एक से डेढ़ घंटे में धीरे-धीरे पानी निकला। वहीं स्टेशन रोड, निरंजन डॉट पुल, मेडिकल चौराहा, लिडिल रोड, एलआईसी कॉलोनी, अल्लापुर में कैलाश पुरी कॉलोनी, एमएल कांवेंट स्कूल आसपास, शिवाजी नगर भैंसा पांडेय नाला, पंजाबी कॉलोनी अलोपी बाग में जलभराव मुसीबत बना रहा। इन प्रभावित इलाकों में घंटों पानी लगा रहा। लोग ही नहीं वाहन भी फंसे। जाम में फंसे लोगों ने रास्ता बदला फिर भी राहत नहीं मिली। अल्लापुर और राजरूपपुर इलाके में जलभराव से देर रात तक राहत नहीं मिली।
राजरूपपुर में नाला टूटा, 2000 घरों में पानी
राजरूपपुर में बारिश के दौरान सैनिक स्कूल के सामने नाले की दीवार टूटने से गंदा पानी फैल गया। पार्षद अखिलेश सिंह के मुताबिक इस संबंध में नगर निगम के अफसरों से कई बार कहा गया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इससे नंद कॉलोनी के पीछे और अन्य मोहल्लों के करीब दो हजार घरों मेें पानी घुस गया है। इस संबंध में अपर नगर आयुक्त अमरेंद्र वर्मा का कहना है नाला या दीवार टूटना जलभराव की वजह नहीं है। इस संबंध में संबंधित को निर्देशित कर दिया गया है।
गंगा प्रदूषण इकाई का काम बना बवाल-ए-जान
शहर के साउथमलाका चौराहा, नार्थ मलाका और पंजाबी कॉलोनी में रहने वाले हजारों लोग गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं। पिछले दिनों सीवर की मेन लाइन को नाले से जोड़ने का काम किया गया। साउथ मलाका, नार्थमलाका के सैकड़ों घरों में सीवर लाइन ओवर फ्लो होने से गंदा पानी घुस गया। इसी तरह पंजाबी कॉलोनी के घरों के आंगन, शौचालयों के रास्ते सीवर और नालों का गंदा पानी मुसीबत बना है।