फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावन में झमाझम बारिश, मुसीबत बढ़ी

Wed, 26 Jul 2017 01:59 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद
विज्ञापन
सावन में इस बार बादल झूमकर बरसे। जुलाई के पहले दस दिन में ही औसत रिकार्ड तोड़ने वाली बारिश अब कीर्तिमान बनाने को आतुर है। भारी बारिश अब परेशानी का कारण बन रही है। मंगलवार की भोर से सुबह 10 बजे तक हुई झमाझम बरसात से शहर की सड़कें और गलियां घंटों लबालब रहीं। दोपहर बाद बादल छिटके तो धूप भी निकली लेकिन शाम को मौसम ने फिर करवट ले ली। शाम 5 बजे तक 73.2 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है।
विज्ञापन


रामबाग, अल्लापुर में बाघंबरी हाउसिंग स्कीम में सैकड़ों घरों में बरसाती के साथ उफनाए नाले का पानी घुस गया। निरंजन डॉट पुल के नीचे जलजमाव से लोग शाम तक परेशान रहे, कई वाहन फंसने से दिक्कत बनी रही। स्कूल जाने वाले बच्चों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। मेडिकल चौराहे के पास बच्चों को स्कूल ले जा रही स्कूल रिक्शा ट्राली जलभराव के बीच गड्ढे में फंसकर पलट गई। लोगों ने किसी तरह बच्चों को बाहर निकाला। चीख पुकार से वहां काफी देर तक जाम लगा रहा।

जोरदार बरसात से शहर में हर तरफ जलजमाव और कीचड़ फैल गया। सुबह न तो झाड़ू लगी और न ही कूड़ा उठा। दोपहर बाद बारिश रुकी तो सफाई कर्मियों ने काम शुरू किया। शहर के सिविल लाइंस, जार्ज टाउन, टैगोर टाउन, मम्मफोर्डगंज जैसे पॉश इलाकों, फतेहपुर बिछुवा आदि मोहल्लों की सड़कों पर पानी भर गया। कई मोहल्लों में चोक नालियों और नालों का गंदा पानी फैलने से बदबू की शिकायत रही। मीरापुर, करेली, रामबाग, बैरहना, आजाद नगर, शिवकुटी, रसूलाबाद, मेंहदौरी, सोहबतियाबाग, अल्लापुर, दारागंज, तेलियरगंज, शिवकुटी, सादियाबाद, मालवीय नगर, कीडगंज, मुट्ठीगंज, गऊघाट, बैरहना, मधवापुर, बाई का बाग आदि मोहल्लों में भी सड़कें और रोड पटरियों पर घंटों पानी भरा रहा।
विज्ञापन

जलभराव से सड़कों पर जगह-जगह खड़ी गाड़ियां पानी भरने से खराब हो गईं। पानी निकला तो दोपहिया स्टार्ट करने में लोगों को पसीना छूट गया। सड़कों पर लोग वाहन घसीटते दिखे। दोपहर बाद खुली दुकानों में मिस्त्रियों ने गाड़ियों को स्टार्ट कर मौके का फायदा उठाया। हर सड़क पर एक या दो लोग वाहन घसीटते दिखे।

अल्लापुर में स्थिति नारकीय, दुकानों में भरा पानी
शहर के अल्लापुर और जार्जटाउन इलाके में बारिश और जलभराव से स्थिति नारकीय रही। अल्लापुर में मटियारा रोड की दर्जनों दुकानों में पानी घुस गया। सामान खराब होने से व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ। इलाके में शिवनगर कॉलोनी, मटियारा रोड, बाघंबरी गद्दी, बाघंबरी हाउसिंग स्कीम, तुलसी पार्क लेन, भैंसा पांडे वाली गली, अमिताभ बच्चन रोड, बजरंग चौराहा सहित अन्य इलाकों में दो से पांच फीट पानी लगा रहा। बख्शी बांध और मोरी गेट पर लगे सभी पंप पूरी क्षमता से चलते रहे लेकिन पानी दो बजे के बाद ही निकल सका। स्लूज गेट आधा खोलने से पानी की निकासी धीमी होती देख पार्षद शिवसेवक सिंह, विनय मिश्र सिंटू, कमलेश सिंह ने नगर आयुक्त को सूचना दी। फिर सिंचाई विभाग से चाबी लेकर स्लूज गेट पूरा खुलवाया तब तेज गति से पानी निकल सका। सुबह नगर आयुक्त हरिकेश चौरसिया, एडीएम सिटी आदि ने निरीक्षण कर कर्मचारियों को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें