बीएसपी सांसद अफजाल अंसारी की याचिका पर सरकार का जवाब दाखिल
इलाहाबाद हाईकोर्ट में बुधवार को बीएसपी सांसद अफजाल अंसारी की याचिका पर सुनवाई हुई। यूपी सरकार ने सांसद की याचिका पर जवाब दाखिल किया। कोर्ट ने अंसारी को सरकार के जवाब का जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। 5 जनवरी 2023 को मामले की अगली सुनवाई होगी।
सांसद अफजाल अंसारी ने अपने खिलाफ दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे की कार्रवाई को रद्द किए जाने की मांग को लेकर याचिका दाखिल की है। बीजेपी विधायक कृष्णानंद राय की हत्या के बाद अफजाल अंसारी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया था। गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद थाने में वर्ष 2007 में केस दर्ज हुआ था। अफजाल अंसारी की याचिका में कहा गया है कि कृष्णानंद राय मर्डर केस में ट्रायल कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया है।
इसी केस के आधार पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। कहा गया, वर्ष 2019 में क़ष्णानंद राय मर्डर केस में बरी किए जाने के बाद अब उसी केस के आधार पर गैंगस्टर की कार्रवाई का कोई औचित्य नहीं है। गैंगस्टर के मामले में निचली अदालत में चल रही कार्यवाही को रद्द किए जाने की मांग की गई है। जस्टिस समित गोपाल की सिंगल बेंच में केस की सुनवाई हुई।