हाईकोर्ट परिसर में कर्मचारी की बिगड़ी तबीयत, मौत
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की बुधवार को अचानक तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। कर्मचारी को उपचार केलिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय ले जाया गया था।
बताया जा रहा है कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मूलचंद (45) फूलपुर तहसील के नरायणपुर गांव का निवासी था। बुधवार की दोपहर वह कोर्ट नंबर 70 गया हुआ था। वहां से वह भूतल पर किसी काम से चैंबर जा रहा था। अचानक उसको उल्टी हुई और वह बेहोश होकर गिर गया। आननफानन उसे हाईकोर्ट परिसर में स्थित डिस्पेंसरी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत देखते हुए एसआरएन चिकित्सालय रेफर कर दिया। एसआरएन में उसका उपचार शुरू हुआ, लेकिन थोड़ी देर में ही उसकी मौत हो गई। उसके घर पत्नी पूजा देवी के अलावा बेटी रागिनी और बेटा पीयूष है। मौत की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हाईकोर्ट चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन ने साथी केनिधन पर शोक जताया। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नेता देवेंद्र पाल सिंह और राशिद जावेद सहित कई नेताओं ने घर पहुंचकर परिवारवालों को ढांढस बंधाया।