जार्जटाउन स्थित अस्पताल में मंगलवार को मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। करेली निवासी धर्मराज चौरसिया(70) रिटायर शिक्षक थे। बेटे गौरव ने बताया कि 12 मार्च को अचानक सीने में दर्द की शिकायत पर उन्हें जार्जटाउन स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने हार्ट अटैक आने की बात बताई। साथ ही इलाज के लिए सवा लाख रुपये जमा करा लिए। आरोप है कि तबियत में सुधार न होने के बावजूद उन्हें सोमवार को जबरन डिस्चार्ज कर दिया गया। जबकि परिजन तैयार नहीं थे।
मंगलवार दोपहर फिर तबियत बिगड़ने पर वह पिता को लेकर अस्पताल पहुंचा। आरोप है कि काफी देर तक डॉक्टर उन्हें देखने नहीं आए। समय पर इलाज न मिलने पर उनकी मौत हो गई। जिस पर परिजन आक्रोशित हो उठे। इसके बाद वहां जमकर हंगामा हुआ। परिजनों की गार्डों से धक्कामुक्की भी हुई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और किसी तरह परिजनों को शांत कराया। जार्जटाउन पुलिस का कहना है कि कोई तहरीर नहीं मिली है।