एयर इंडिया की ओर से आए दिन दिल्ली-इलाहाबाद और मुंबई-इलाहाबाद के लिए संचालित की जाने वाले फ्लाइट के निर्धारित शेड्यूल में बदलाव का क्रम रविवार को भी जारी रहा। दिल्ली से इलाहाबाद आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक इलाहाबाद तो आई लेकिन उसे दोबारा नई दिल्ली भेजने के बजाय मुंबई भेज दिया गया।
नई दिल्ली जाने वाले यात्रियों को पहले इसी फ्लाइट से मुंबई ले जाया गया और फिर दूसरी फ्लाइट से मुंबई से नई दिल्ली भेजा गया। शेड्यूल में बदलाव किए जाने से यात्रियों को थोड़ी परेशानी का भी सामना करना पड़ा। जिन यात्रियों को अपने निर्धारित कार्यक्रमों के मुताबिक नई दिल्ली जल्दी पहुंचना था उन्हें थोड़ी परेशानी हुई।
बस सहूलियत यह रही कि यात्रियों को मुंबई और फिर मुंबई से दिल्ली जाने के लिए अतिरिक्त जेब खर्च नहीं करना पड़ा। एयरपोर्ट अथारिटी के स्टेशन मैनेजर जमील अहमद ने बताया कि फ्लाइट निर्धारित समय तीन बजकर पांच मिनट पर इलाहाबाद पहुंच गई थी और आधे घंटे बाद उसे मुंबई रवाना कर दिया गया था। उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व मुंबई की फ्लाइट निरस्त होने से मुंबई जाने वाले यात्रियों को वाया वाराणसी, लखनऊ व नई दिल्ली के रास्ते मुंबई भेजा गया था। उल्लेखनीय है कि पायलटों की कमी व तकनीकी कारणों के चलते एयर इंडिया की कुछ फ्लाइट में बदलाव किया गया है। जिसकी जानकारी भी यात्रियों को दे दी गई है।