सिविल लाइंस समेत शहर में छह प्रतिष्ठान चलाने वाले इंदर मध्यान कहते हैं, होली पर प्लेन गुझिया की मांग ज्यादा रहती है। इसके अलावा चाशनी से पगी, केसर और शुगर फ्री गुझिया, मिनी गुझिया भी लोग पसंद कर रहे हैं। सभी शोरूम में 860 से 1000 रुपये किलो तक की गुझिया उपलब्ध है। वहीं, कुछ मिठाई विक्रेता गिफ्ट पैक में रंग और गुलाल के साथ गुझिया उपलब्ध करवा रहे हैं। रोडवेज राजापुर वर्कशॉप के पास शहर के एक पुराने मिठाई विक्रेता रोहित केसरवानी बताते हैं, प्लेन गुझिया, केसर गुझिया, काजू गुझिया और बूंदी गुझिया को गिफ्ट पैक में दिया जा रहा है।
काफी लोगों ने इसकी एडवांस बुकिंग भी करवाई है। इसके अलावा मूंगदाल बर्फी, काजू कतली भी दुकानों पर सजी हैं। गिफ्ट पैक 400 से लेकर 2500 रुपये तक में उपलब्ध हैं। कुछ गिफ्ट पैक में कोल्ड ड्रिंक भी शामिल है। महाजनी टोला के एक बड़े विक्रेता राजीव अग्रवाल ने बताया, होली को लेकर उनके शोरूम में पारंपरिक गुझिया के साथ पगी हुई गुझिया पसंद की जा रही है।