अतीक अहमद की गुजरात जेल में ट्रांसफर के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बुधवार को दिन भर आदेश का इंतजार होता रहा। अतीक आज बेहद कम लोगों से मिले। परिजनों ने जेल में जाकर उनसे मुलाकात की।
लखनऊ के व्यवसायी मोहित जायसवाल के अपहरण और पिटाई के मामले में अतीक अहमद को गुजरात की किसी जेल में भेजने का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को दिया। जेल में यह खबर आते ही अतीक समर्थकों में मायूसी छा गई थी। बताया जा रहा है कि उस समय अतीक से मिलने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। खबर मिलते ही अतीक ने लोगों से मिलने से इनकार कर दिया। इसके बाद सभी बाहर चले गए। कुछ देर बाद अतीक के परिवार के लोग जेल पहुंच गए।
उनसे मुलाकात के बाद अतीक अपनी बैरक में चले गए और किसी से बात नहीं की। बुधवार को दिन भर जेल में चर्चा होती रही कि आदेश आया कि नहीं। अतीक ने आज भी ज्यादा लोगों से मुलाकात नहीं की। परिवार और कुछ चुनिंदा लोग ही उनसे मिल पाए। डीआईजी जेल ने बताया कि आदेश का इंतजार किया जा रहा है लेकिन आज कोई सूचना नहीं आई। आदेश आने के बाद ही ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।