Prayagraj News : क्रिकेटर रवींद्र जीडेजा की पत्नी के प्रचार में जामनगर गुजरात पहुंची प्रयागराज की महिला टीम।
- फोटो : अमर उजाला।
गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का परचम लहराने के लिए प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की वरिष्ठ पदाधिकारियों ने वहां डेरा डाल दिया है। बीते कुछ दिनों से केसरिया परचम एवं उत्तर भारतीयों को साधने के लिए महिला पदाधिकारी वहां लगातार विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों के साथ जनसंपर्क एवं नुक्कड़ सभाओें में शिरकत कर रही है। क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा जो जामनगर नार्थ सीट से भाजपा प्रत्याशी हैं, उनका चुनावी सभाओं एवं जनसंपर्क की जिम्मेदारी प्रयागराज की वंदना सिंह के ही पास है।
मूल रूप से शिक्षिका वंदना सिंह गुजरात चुनाव के लिए छुट्टी लेकर बीते कुछ दिन से चुनाव प्रचार में ही जुटी हुई हैं। भाजपा महिला मोर्चा काशी प्रांत की क्षेत्रीय मंत्री वंदना ने बताया कि जामनगर में उत्तर भारतीयों की संख्या ठीक ठाक है। इस सीट से कांग्रेस के टिकट पर क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की बहन नयनाबा जडेजा चुनाव लड़ रही है। ननद और भाभी का यह दिलचस्प मुकाबला गुजरात में काफी सुर्खियों में है।
वंदना जामनगर की दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी दिव्येश अकबरी के लिए भी प्रचार कर रही हैं। इसी तरह प्रयागराज से ही भाजपा प्रदेश मंत्री आकांक्षा सोनकर भी गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए जुटी हुई हैं। आकांक्षा ने बताया कि गुजरात चुनाव के लिए प्रदेश महिला मोर्चा की 20 पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
वहां पहले चरण का मतदान एक दिसंबर को है। इससे पूर्व वह सभी पदाधिकारियों के साथ लौट आएंगी। वहीं दूसरी ओर मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए प्रदेश महिला मोर्चा की महामंत्री डा. कीर्तिका अग्रवाल भी बीते कुछ दिन से मैनपुरी में ही है। डा. कीर्तिका ने बताया कि वहां महिलाओं से जनसंपर्क कर वह प्रदेश एवं केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में वह बता रही है।