श्रीसाईदास बाबा अध्यात्म एवं सेवा संगठन की ओर से आयोजित चार दिनी श्रीगुरु प्राकट्योत्सव बृहस्पतिवार से शुरु हुआ। कर्नलगंज स्थित रामवाटिका में जुटे श्रद्धालुओं ने सामूहिक लाक्षार्चन, मंगल स्नान, झंडा वंदन, तुलादान और याज्ञिक अनुष्ठान के साथ साई की महिमा बखानी।
सांगीतिक संध्या में मुंबई के सुपरिचित कलाकार सूर्य प्रकाश दुबे ने साई भजन सुनाए। उन्होंने ‘दीवाना तेरा आया बाबा तेरी शिरडी में’ सुनाकर समां बांधने के बाद ‘बाबा तेरी कृपा से सब काम हो रहा है, जोगिया बांके ये साई तेरे दर आया हूं साई, साईबाबा मुझ पर रहम कर दे’ सुनाकर तालियां बटोरीं। इसी क्रम में दिल्ली के रितुराज, वाराणसी की पारुल नंदा और इलाहाबाद की बुलबुल अग्रवाल ने सुमधुर भजन सुनाए। राधे-राधे रॉक बैंड के कलाकारों ने सत्यप्रकाश दुबे के निर्देशन में धुनों से सभी को बांधे रखा।
इससे पहले पालकी शोभायात्रा निकाली गई जो कटरा बाजार, मनमोहन पार्कहोते हुए वापस रामवाटिका पहुंचकर पूरी हुई। बाबा की पालकी को फूलों से आकर्षक तरीके से सजाया गया था। यात्रा में कई झांकियां भी रहीं। पूरे रास्ते श्रद्धालु महिला-पुरुष नाचते गाते हुए चले। आरंभ में साईदास बाबा ने आरती उतारकर पालकी को रवाना किया।
केक काटकर और गुलगुले बांटकर खुशियां मनाई गईं। आतिशबाजी से कार्यक्रम का समापन हुआ। यात्रा और अनुष्ठान में निवर्तमान महापौर अभिलाषा गुप्ता, संयोजक रामेश्वर नाथ अग्रवाल, प्रमोद अरोरा मोदी, विजय अरोरा, अनूप कुमार सूद, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, आलोक अरोरा, नवीन सारस्वत आदि शामिल थे। प्राकट्योत्सव में शुक्रवार को सामूहिक कवच पाठ के बाद दीक्षा होगी। शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ, साईं कथा, काव्य संध्या और रविवार को गंगा स्नान, मौन गुरुमंत्र जप एवं श्रद्धांजलि होगी।