सिविल लाइंस में दो मनबढ़ युवकों ने ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात गार्ड सुभाष कुमार को लात-घूंसों से जमकर पीटा। आरोप है कि बेवजह पीटने के साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने दोनों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
औद्योगिक क्षेत्र के टीएसएल कला गांव निवासी सुभाष पीआरडी जवान है। उसने बताया कि रविवार को लोकसेवा आयोग चौराहे पर उसकी ट्रैफिक ड्यूटी थी। 2.30 बजे के करीब धोबीघाट की ओर से आए बाइकसवार दो युवक रेड सिग्नल पर रुके और उससे पीआरडी का फुल फार्म पूछा। आरोप है कि बताने पर उसे झूठा कहते हुए गालीगलौज करने लगे।
विरोध पर टूट पड़े और लात-घूंसों से उसे जमकर पीटा। तब तक लोकसेवा आयोग चौकी प्रभारी भारत सिंह भी आ गए और उन्होंने दोनों युवकों को पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई तो एक ने अपना नाम आर्यन सिंह व दूसरे ने अभिनव सिंह निवासी कृष्णानगर कीडगंज बताया। उधर भुक्तभोगी ने थाने पहुंचकर तहरीर दी जिस पर नामजद मुकदमा लिखकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सिविल लाइंस पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज, धमकी, सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज की गई है। े