सामाजिक चेतना मिशन, विश्वकर्मा पांचाल ब्राह्मण सभा का आयोजन
एक साथ हुई बेटियों की विदाई, दान में दिया गया गृहस्थी का सामान
प्रयागराज। मम्फोर्डगंज स्थित भारत स्काउट एंड गाइड कॉलेज परिसर में रविवार को सामूहिक विवाह के तहत अग्नि के फेरे लेकर 11 जोड़े इकदूजे के हुए। इससे पहले बैंड-बाजा संग बारात लेकर पहुंचे दूल्हों और बारातियों की संस्था की ओर से अगवानी की गई। विदाई के मौके पर सभी जोड़ों को घर-गृहस्थी में प्रयोग आने वालीं वस्तुएं उपहार में दी गईं।
मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा के पूर्व स्पीकर उदय नारायण चौधरी ने कहाकि सर्व जातीय समाज को शामिल करना अनेकता में एकता का प्रतीक है। संदेश दिया कि सभी का पंजीकरण आवश्यक रूप से कराया जाए।
संयोजक और मिशन के महासचिव पंकज कुमार मनु ने कहा कि दहेज रहित विवाह कराने का यह प्रयास जारी रहेगा। इस मौके पर अध्यक्ष कृष्णा प्रसाद विश्वकर्मा, डॉ. मदनमोहन शर्मा, दुष्यंत विश्वकर्मा, विजय बहादुर, रामसूरत, सुमित समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।