घर खरीदने का बढ़ेगा विकल्प
संशोधन से आम लोगों के लिए घर खरीदने का विकल्प भी बढ़ेगा। महायोजना-2031 में जब यह प्रतिबंध लगा था तो उस वक्त कई बिल्डरों ने जॉर्जटाउन, टैगोर टाउन व सिविल लाइंस में बहुमंजिला ग्रुप हाउसिंग के लिए पीडीए में आवेदन किए थे लेकिन महायोजना में ग्रुप हाउसिंग और बहुमंजिला इमारतों के निर्माण पर प्रतिबंध लगा दिया गया जिससे नक्शा पास कराने के लिए पीडीए में आए आवेदन अब तक लंबित हैं। संशोधन के बाद ग्रुप हाउसिंग के निर्माण का रास्ता साफ होते ही आम लोगों के लिए अपना घर खरीदने का विकल्प बढ़ जाएगा।
प्रमुख द्वार की दिशा पर राहत मिलने के आसार
महायोजना-2031 में सिविल लाइंस, जॉर्जटाउन व टैगोर टाउन के लिए यह प्रावधान भी कर दिया गया था कि मुख्य मार्ग पर किसी भी भवन का प्रमुख द्वार नहीं होगा। यदि विशेष परिस्थितियों में प्रमुख द्वार मुख्य मार्ग पर खोलना अनिवार्य हो तो निर्माता को अपने भू-भाग से न्यूनतम नौ मीटर चौड़ी सर्विस लेन देनी होगी। इससे भवन निर्माता को नुकसान हो रहा था लेकिन अब राहत मिलने के आसार हैं। साथ ही अब नौ मीटर से कम पर भी निर्माण हो सकेगा और इमारतों के निर्माण में सेट बैक भी पीडीए के बाइलॉज के अनुसार छोड़ना होगा।