इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पार्क या मैदान के लिए चिह्नित भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण या अन्य उपयोग की अनुमति न देने का निर्देश दिया है। यह आदेश न्यायमूर्ति एमसी त्रिपाठी और न्यायमूर्ति कुणाल रवि सिंह की खंडपीठ ने सोसायटी फॉर वॉइस ऑफ ह्यूमन राइट्स एंड जस्टिस की ओर से दाखिल जनहित याचिका को निस्तारित करते हुए दिया।
विज्ञापन
याचिका में मांग की गई थी कि पार्क या खुले मैदान का किसी अन्य प्रयोजन के लिए उपयोग रोका जाए। उन्हें उनके मूल स्वरूप में ही सुरक्षित रखा जाए। याची की ओर से अधिवक्ता ने दलील दी कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद मनमानी की जा रही है।
कोर्ट ने याचिका का निस्तारण करते हुए निर्देश जारी किया कि संबंधित प्राधिकारी याची की शिकायत पर विधि के अनुसार उचित आदेश पारित करें। साथ ही कोर्ट ने याची को निर्देश दिया है कि वह दो सप्ताह में इस आदेश की प्रति के साथ संबंधित प्राधिकारी के समक्ष प्रत्यावेदन प्रस्तुत करे।