सरायइनायत थाना क्षेत्र के बनी गांव में रविवार की देर शाम डंपर से टकराकर बाइक सवार किराना व्यापारी की मौत हो गई। कल देर शाम को वह बाइक से सिकंदरा से घर लौट रहा था। तभी हादसे का शिकार हो गया। किराना व्यापारी के मौत की खबर उसके घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। सभी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। हादसे के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई थी। मौके पर ग्रामीण भी भारी संख्या में जुट गए थे।
सरायइनायत थाना क्षेत्र के सुदनीपुरकला गांव निवासी रंजीश गुप्ता (50) पुत्र स्वर्गीय मंगूलाल गुप्त किराना व्यापारी था। रंजीश दो भाइयों में छोटा था। रविवार को वह बाइक से बहरिया थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव स्थित गाजी मियां की दरगाह पर गया था। देर शाम को तकरीबन आठ बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। हनुमानगंज के सहसों हबूसा मोड़ मार्ग पर बनी गांव के पास उसकी बाइक पहुंची ही थी कि वहां पर सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे में व्यापारी रंजीश के सिर में गंभीर चोट आई थी।