पिकप की टक्कर से नानी और नातिन की मौत।
- फोटो : संवाद।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर मोहल्ला कुर्मियाना में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूध डेरी जा रही महिला और उसकी नातिन की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टक्कर मारने वाले वाहन की खोजबीन की जा रही है। तिवारीपुर निवासी सुमित्रा देवी पत्नी राम सजीवन पटेल (50) सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे अपनी 10 माह की नातिन आर्या को गोद में लेकर दूध डेरी पर दूध देने जा रही थी।
जैसे ही वह रोड पर पहुंची, तभी तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नानी और नातिन दोनों को वाहन कुचलते हुए निकल गई। जानकारी होने पर स्थानीय लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा ले गए जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। घटना के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मृतका की नातिन अपने परिवार का इकलौता चिराग थी। मृतका सुमित्रा की बड़ी बेटी पूजा का विवाह 2024 में राजू पटेल निवासी रैयापुर, गनटाहा का पुरवा के साथ हुआ था। सूत्रों की माने तो वह परिवार सहित ससुराल कल ही त्योहार मनाने आए थे। हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। परिजनों के अनुसार सुमित्रा देवी की दो बेटियां और एक बेटा हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी पुष्पा पटेल (18) और बेटा राज पटेल (15) जो कक्षा 10 का छात्र हैं घर पर ही रहते हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।