संशोधन के साथ अध्यक्ष पद के लिए एक आईपीएस का नाम भी चर्चा में
पात्रता संबंधी संंशोधन के फैसले के बाद अध्यक्ष पद के लिए एक रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी के नाम की चर्चा फिर से शुरू हो गई है। प्रो. कीर्ति पांडेय के इस्तीफे के बाद भी उनके नाम की चर्चा थी लेकिन विज्ञापन में कुलपति एवं प्राेफेसर के अलावा प्रमुख सचिव स्तर के आईएएस से ही आवेदन मांगे गए थे। ऐसे में वह आवेदन नहीं कर पाए थे। वहीं, आयोग के अफसरों के अनुसार पात्रता में संशोधन के बाद प्रमुख स्तर के कार्यरत या रिटायर्ड आईपीएस अफसर भी आवेदन कर सकेंगे। ऐसे में रिटायर्ड आईपीएस अफसर के नाम की चर्चा फिर शुरू हो गई है।
अधियाचन के लिए भी पोर्टल का करना होगा इंतजार
शिक्षा सेवा चयन आयोग में अधियाचन के लिए भी अभी पोर्टल का इंतजार करना पड़ेगा। आयोग की ओर से अधियाचन पोर्टल बनाने का कार्य चल रहा है। संबंधित विभागों से पोर्टल के माध्यम से ही रिक्त पदों के अधियाचन लिए जाएंगे। पूर्व में 10 नवंबर तक ही पोर्टल तैयार होने की बात कही गई थी लेकिन अभी इसमें समय लग सकता है। आयोग सूत्र के अनुसार एनआईसी की मदद से पोर्टल तैयार किया जा रहा है जिसमें अभी 15 दिन से अधिक का समय लग सकता है। इसके बाद आयोग के साथ संबंधित विभागों की ओर से करीब एक महीने तक ट्रायल किए जाने की बात कही जा रही है। ऐसे में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1250 एवं टीजीटी व पीजीटी के 22 हजार से अधिक पदों के अधिकृत अधियाचन के लिए भी अभी इंतजार करना होगा।