प्रयागराज। इस वर्ष की शुरूआत में लगे कुंभ में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों का शासन ने भत्ता जारी कर दिया है। शासन की ओर से जारी किए गए भत्ते में कुंभ के दौरान ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को अधिकतम 3500 रुपये की धनराशि मिलेगी। इस संबंध में विशेष सचिव संजय कुमार सिंह यादव की ओर से कुंभ मेला अधिकारी को एक पत्र भी भेजा गया है।
कुंभ मेलाधिकारी को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि एक जनवरी 2019 से चार मार्च 2019 तक की अवधि में काम करने वाले कर्मचारियों को उनके मूलवेतन का 15 प्रतिशत मेला भत्ता दिया जाएगा। यह भत्ता राज्य सरकार के विभिन्न विभाग, मेला अधिष्ठान एवं मेला क्षेत्र में स्थित नागर निकायों के अराजपत्रित अधिकारी, कर्मचारी जिनका अधिकतम वेतनमान 7वें वेतन आयोग की मैट्रिक संरचना पर अंकित वेतनमान 47600 रुपये है, उन्हें ही मिलेगा। जितने दिनों तक कोई सरकारी कर्मचारी अवकाश पर रहा है या मेला ड्यूटी नहीं है उतनी अवधि के विशेष भत्ते की कटौती अनुपातिक रूप से करते हुए भुगतान किया जाएगा।