prayagraj news : सिद्धार्थनाथ सिंह।
- फोटो : prayagraj
सूबे के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि राज्य की योगी सरकार कोरोना की दूसरी लहर में जीवन और जीविका दोनों ही बचाने के लिए संकल्पित है। सरकार लगातार समीक्षा कर हर वर्ग के हित का ध्यान में रखकर फैसला कर रही है। इसी के तहत श्रमिकों को तीन माह तक एक हजार और प्रत्येक गरीब परिवार को नि:शुल्क तीन महीने का राशन देना शुरू कर दिया है। सिद्धार्थ नाथ ने यह बातें अपने आवास पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से हुई मुलाकात में कही।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में कार्यकर्ताओं का बहुत बड़ा दायित्व और कर्तव्य हो गया है कि वह घर-घर जाकर लोगों को कोरोना वैक्सीन टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों की तमाम समस्याएं के बारे में अवगत कराया। कहा गया कि मास्क के थोड़ा भी ऊपर नीचे होने पर लोगों का चालान कर दिया जा रहा है। वैश्विक महामारी में गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं तथा व्यापारियों की आर्थिक स्थिति डांवाडोल है। भाजपा पदाधिकारियों का कहना था कि पुलिस सभ्य एवं सम्मानित नागरिकों के साथ अपराधियों की तरह व्यवहार न करें। इस पर सिद्धार्थ नाथ ने कहा कि सरकार को व्यापारियों के हितों का ख्याल है। कोरोना महामारी का चेन तोड़ने के लिए ही आंशिक कोरोना कर्फ्यू लगाया गया है।
इस वजह से प्रयागराज में लगातार संक्रमित मरीज अब मिल रहे हैं। सिद्धार्थ नाथ आज दिवंगत पार्षद रोहित मालवीय के आवास पर भी गए। इसके अलावा भाजपा नेता आभा सिंह के घर जाकर उनके पति के निधन पर शोक व्यक्त किया। आरएसएस के पूर्व जिला संघचालक अधिवक्ता भूपेंद्र नाथ सिंह के देहांत उपरांत उनके आवास पर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त की।
वहीं दूसरी ओर सिद्धार्थ नाथ सिंह को धुस्सा झलवा, राजरूपपुर और लाल बहादुर शास्त्री नगर ग्रीन वैली के कुछ लोगों ने सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट , सीवर और पाईप लाइन की समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान पार्षद अखिलेश सिंह, मिथिलेश सिंह, रवि तिवारी, जितेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र कुमार सिंह, धीरेन्द्र तिवारी, विजय चंद्रा आदि मौजूद रहे।