इलाहाबाद। आमजन से रिश्ता जोड़ने और उनके सुख-दुख साझा करने तथा उनकी प्रतिभा को मंच देने के मकसद से ‘अमर उजाला’ के ‘जानें और पहचानें’ की टीम शुक्रवार को तुलसियानी एनक्लेव पहुंची। विभिन्न गतिविधियों में अपार्टमेंट के लोगों ने जमकर मौज मस्ती की और एक बड़े परिवार के सदस्यों की तरह एक दूसरे से खुशियां बांटीं।
पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने एक से बढ़कर एक चित्र बनाकर अपनी कल्पनाओं में रंग भरे जिसके साथ बड़े भी खूब मगन रहे। प्रतियोगिताओं के बाद पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पेंटिंग प्रतियोगिता में रिद्धि राही, सृष्टि चावला, वैश्नवी रॉय विजेता बनीं। वहीं तंबोला के खेल ने महिलाओं ने खूब मस्ती बटोरी। इसमें विनीता भूषण, नीलम भूषण और आशा ने बाजी मारी जिन्हें पुरस्कृत भी किया गया।
वहीं स्वाद के महाकुंभ में एक से बढ़कर एक व्यंजन बनाकर अनीता- वीना-विनीता ने ‘अनूठी फैमिली’ का खिताब जीता। कालोनी के लोगों ने ‘अमर उजाला’ की इस अनूठी पहल को सराहा और समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव के लिए की जाने वाली कोशिशों के लिए धन्यवाद दिया । खास यह रहा कि आयोजन के बहाने कालोनी के लोग एक बड़े, अनूठे परिवार के सदस्य बने।
‘अमर उजाला’ की ओर से ‘जानें और पहचानें’ की टीम शनिवार को सिविल लाइंस स्थित अग्निपथ अपार्टमेंट शाम चार बजे पहुंचेगी। कार्यक्रम के तहत कई तरह की प्रतियोगिताएं भी होंगी।