होली पर शराब कारोबारियों की भी खूब बल्ले-बल्ले रही। त्योहार के सुरूर में शराब के शौकीन करीब 10 करोड़ की दारू दो दिन के भीतर गटक गए। सामान्य तौर पर दस दिनों में शराब की इतनी खपत होती है। वहीं पर्व के पहले अंग्रेजी शराब के लोकप्रिय ब्रांडों की खासी किल्लत भी रही।
आबकारी विभाग को हर वर्ष नए साल एवं होली के अवसर बेसब्री से इंतजार रहता है। खासतौर से होली पर लाइसेंस धारक पहले से अपनी तैयारी रखते हैं। इस बार लोकप्रिय ब्रांड की खासी किल्लत होने से लाइसेंस धारकों को मायूसी भी उठानी पड़ी। हालांकि, बिक्री पर पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा। आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शराब के शौकीनों की सर्वाधिक पसंद इस बार भी अंग्रेजी शराब ही रही। होली से पहले मंगलवार एवं बुधवार को दो दिन हुई बिक्री में पूरे जिले में अंग्रेजी शराब की कुल 1.44 लाख बोतल (अनुमानित कीमत 7.24 करोड़ रुपये) बिक गई।
इसके बाद दूसरे नंबर पर लोगोें ने बीयर को पसंद किया। जिलेभर में बीयर की 1.43 लाख बोतल (अनुमानित कीमत 1.63 करोड़ रुपये) की इन दो दिनों में बिक्री हुई। देशी शराब की भी जिले भर में भरपूर खपत देखने को मिली। जिले भर की सवा तीन सौ देशी शराब की दुकानों से 1.61 हजार लीटर शराब (अनुमानित बिक्री 1.65 करोड़) की बिक्री हुई। जिला आबकारी अधिकारी संदीप बिहारी मोडवेल के मुताबिक कच्ची शराब पर लगातार कार्रवाई के चलते इस बिक्री मेें पिछली बार से इजाफा हुआ है।