इलाहाबाद। एक युवक ने 20 हजार रुपये लूट की फर्जी सूचना देकर शिवकुटी पुलिस को जमकर छकाया। पुलिस तेलियरगंज चौराहे पर पहुंची तो कॉल करने वाले शख्स ने बताया कि वह एसबीआई के सामने है। फिर पुलिस को बताया कि वह सुबह थाने आकर मुकदमा दर्ज कराएगा, लेकिन इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया।
कंट्रोल रूम पर बुधवार रात लगभग एक बजे एक युवक ने फोन कर सूचना दिया कि तेलियरगंज चौराहे के पास बाइक सवार बदमाश उससे 20 हजार रुपये छीनकर भाग निकले। कंट्रोल रूम की सूचना पर चौकी प्रभारी मेंहदौरी राकेश कुमार चौरसिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक के मोबाइल पर फोन किया तो उसने बताया कि वह एसबीआई तेलियरगंज के सामने है। पुलिस वहां पहुंची तो उसने बताया कि वह हॉस्टल आ गया है। सुबह आकर थाने में तहरीर देगा। पुलिस ने नाम पता पूछा तो वह हीलाहवाली करने लगा। युवक ने बताया कि एक दोस्त ने शराब के नशे में उसके मोबाइल से कॉल कर दिया था। इसके बाद युवक का मोबाइल नंबर बंद हो गया। चौकी प्रभारी राकेश चौरसिया ने बताया कि सूचना देने वाले के नंबर से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसके दोस्त ने शराब के नशे में गलत सूचना दी थी। फर्जी सूचना देने वाले के बारे में जांच की जा रही है।