स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर के कई सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में लोहिया मार्ग का भी कायाकल्प हो रहा है। सड़क के दोनों किनारों को चौड़ा करने के साथ ही सड़क के बीच में डिवाइडर बनाने का कार्य चल रहा है। इसके अंतर्गत गर्ल्स हाईस्कूल की चहारदीवारी भी जद में आ गई है। इससे पहले इसी रोड पर स्थित आईपीएम इंटरनेशनल स्कूल की भी बाउंड्री तोड़ी जा चुकी है।
स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे विकास कार्यों से गर्ल्स हाईस्कूल का भी नक्शा बदल जाएगा। लोहिया मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की जद में गर्ल्स हाईस्कूल (जीएचएस) की बाउंड्री और कई कमरे आ रहे हैं। इस वजह से स्कूल की बाउंड्री और कमरे तोड़े जा सकते हैं। प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से इसके लिए तैयारी की गई है। जीएचएस प्रबंधन को भी इस संबंध में सूचित करने के साथ-साथ उसका पक्ष भी सुना जा रहा है।
विज्ञापन
शहर में स्मार्ट सिटी के अंतर्गत तकरीबन डेढ़ दर्जन सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। उसमें लोहिया मार्ग भी शामिल है। लोहिया मार्ग पर नवाब युसूफ रोड से कानपुर मार्ग तक काम चल रहा है। मार्ग को 18 मीटर से बढ़ाकर 24 मीटर का किया जा रहा है। ज्यादातर हिस्सों में मार्ग के चौड़ीकरण का काम पूरा हो गया है। डामर रोड बना दी गई है। लेकिन जीएचएस सहित अन्य स्थानों पर अभी काम चल रहा है।
बताया जा रहा है कि इस चौड़ीकरण की जद में जीएचएस की बाउंड्री और स्कूल के कुछ कमरे आ रहे हैं। बाउंड्री पर पाथ वे, ड्रेनेज बनाया जा रहा है। इस वजह से भी जीएचएस की भूमि का कुछ हिस्सा लिया जाना जरूरी है। पीडीए के ओएसडी आलोक पांडेय ने बताया कि लोहिया मार्ग के चौड़ीकरण के दायरे में स्कूल का भी कुछ हिस्सा आ रहा है। उसे तोड़ा जाना है। इस बाबत जीएचएस प्रबंधन को सूचित कर दिया गया है।
विज्ञापन
जरूरत के मुताबिक स्कूल की बाउंड्री सहित अन्य हिस्सों को तोड़ा जाएगा या फिर स्कूल प्रशासन उसे खुद ही हटाएगा। उधर पार्षद अशोक सिंह का कहना है कि लोहिया मार्ग को तीस मीटर तक चौड़ा किया जाना था। स्कूल का एक बड़ा हिस्सा चौड़ीकरण की जद में आ गया था। इसके अलावा कई और लोगों के मकान भी सड़क चौड़ीकरण की जद में आ गए थे। इस वजह से इसे छह मीटर घटाकर 24 मीटर कर दिया गया, इससे अब तोड़फोड़ कम होगी।