Girlfriend gave statement in court, youth hanged
प्रयागराज। अपनी प्रेमिका के कोर्ट में दिए गए बयान से आहत शिवम कुमार ने बुधवार की शाम फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। दोनों कुछ दिन पहले घर से भाग गए थे। मामला हाईकोर्ट पहुंचा तो पुलिस ने लड़की बरामद कर उसका बयान कराया। बयान में लड़की ने कहा कि वह अपने मां-बाप के साथ घर जाएगी। पता चलते ही शिवम ने शाहगंज स्थित होटल के कमरे में फांसी लगा ली। सुसाइड नोट में लिखा कि ‘मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं।
जालौन के रहने वाले महेश कुमार का बेटा शिवम कुमार हमीरपुर की रहने वाली रचना (परिवर्तित नाम) से प्यार करता था। दोनों के परिवार वाले इस रिश्ते के विरोध में थे। कुछ समय पहले शिवम और रचना घर से भाग निकले। रचना के पिता ने शिवम के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। कुछ दिन पहले पुलिस ने रचना को बरामद कर लिया। इसके विरोध में शिवम ने वकीलों के माध्यम से याचिका दाखिल की कि रचना को उसके मां-बाप बलपूर्वक उठा ले गए हैँ। उसका बयान कराया जाय। बुधवार को रचना का हाईकोर्ट में बयान होना था।
शिवम भी अपने पिता के साथ यहां पहुंचा था। शाहगंज के गुलाब मेंशन होटल में दोनों रुके हुए थे। शाम को पता चला कि रचना ने कोर्ट में शिवम के खिलाफ बयान दिया और कहा कि वह अपने मां-बाप के साथ जाना चाहती है। इसके बाद शिवम ने सुसाइड नोट लिखकर फांसी लगा ली। सुसाइड नोट में उसने लिखा कि ‘मम्मी पापा मुझे माफ करिए। मेरी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं है। किसी को भी इसके लिए परेशान न किया जाय’। कुछ देर बाद शिवम के पिता महेश पहुंचे तो घटना का पता चला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोनों ने लखनऊ में आर्य समाज मंदिर में की थी शादी
प्रयागराज। शिवम के अधिवक्ता सुधांशु कुमार ने बताया कि दोनों ने लखनऊ में आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। पुलिस को इसका पूरा सुबूत दिया गया था लेकिन उसके बाद भी पुलिस ने शिवम का उत्पीड़न किया जिसके कारण वह डिप्रेशन में आ गया था।