कीडगंज निवासी एक युवती को शादी के लिए राजी ना होने पर फोन पर अश्लील तस्वीरें भेजी गई। साथ ही उसे तेजाब फेंक कर जलाने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर कीडगंज पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसका कहना है कि जांच की जा रही है। भुक्तभोगी युवती सिविल लाइंस स्थित एक अस्पताल में काम करती है।
उसका आरोप है की देवेंद्र सेठ अस्पताल में अपनी मां का इलाज कराने आया था। इसी दौरान उसकी उससे मुलाकात हुई। आरोप है कि वह उसके इरादों को भाप नहीं सकी। कुछ दिनों बाद वह उसके ऊपर शादी का दबाव डालने लगा। इंकार करने पर उसके फेसबुक प्रोफाइल से फोटो निकालकर अपने दोस्तों व अस्पताल की फेसबुक अकाउंट पर डालने की धमकी देने लगा।
साथ ही दो अलग-अलग नंबरों से अश्लील तस्वीरें भेज कर गाली गलौज की और तेजाब फेंककर चेहरा जलाने की धमकी दी। कीडगंज पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया पर पत्नी के बारे में लिखी अभद्र बातें, मुकदमा
मुट्ठीगंज में रहने वाले एक युवक ने अपनी ही पत्नी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र बातें लिखी। साथ ही गाली-गलौच करते हुए तेजाब फेंकने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भुक्तभोगी युवती की बहन ने पुलिस को बताया कि उसका परिवार वाराणसी का रहने वाला है। उसकी बड़ी बहन की शादी मुट्ठीगंज के बहादुरगंज में रहने वाले योगेश तिवारी से 2009 में हुई। हालांकि पिछले 5 साल से पति-पत्नी के बीच घरेलू हिंसा व तलाक का मुकदमा चल रहा है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पिछले 6 महीने से योगेश अपनी पत्नी की फोटो, गालियां व अश्लील कमेंट लिखकर फेसबुक और व्हाट्सएप पर शेयर कर रहा है। साथ ही फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए तेजाब से जलाने की धमकी भी दे रहा है। मुट्ठीगंज पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।