प्रयागराज। पेशी पर सोनभद्र से हिमाचल प्रदेश ले जाते वक्त बम्हरौली में ट्रेन से कूदकर पुलिस हिरासत से फरार होने वाला जर्मन नागरिक होलिगर एरिक केरल से नैनी जेल पहुंच गया है। वारंट बी पर उसे यहां लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड बनवाकर उसे नैनी जेल भेज दिया गया।
घटना 23 अप्रैल 2018 की है। मारपीट के मामले में सोनभद्र जेल में बंद होलिगर पर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में भी मारपीट का एक मामला दर्ज था। उसी मामले में पेशी के लिए सोनभद्र कारागार से उसे लेकर चार पुलिसकर्मी मडुवाडीह-दिल्ली स्पेशल ट्रेन से जा रहे थे। रात करीब 2.15 मिनट पर ट्रेन धूमनगंज के बम्हरौली स्टेशन के पास पहुंचकर कुछ धीमी हुई थी कि तभी होलिगर ट्रेन से कूदकर भाग निकला था। धूमनगंज पुलिस ने बताया कि इस साल जनवरी में पता चला कि आरोपी केरल की जेल में बंद है। इसके बाद उसका वारंट बी बनवाकर करेल जेल में तामीला कराया गया था। पिछले दिनों केरल पुलिस उसे लेकर शहर आई और उसे न्यायालय में पेश किया। रिमांड मंजूर होने पर उसे नैनी जेल भेज दिया गया।
धोखाधड़ी व विदेशी अधिनियम का भी हुआ था केस
आरोपी पांच नवंबर 2017 को राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन पर इंजीनियर के साथ मारपीट के मामले में पकड़ा गया था। जांच में पता चला कि उसके पासपोर्ट की अवधि 24 जनवरी 2017 को ही खत्म हो चुकी थी, लेकिन उसमें छेड़छाड़ कर वह यहीं घूम रहा था। इस पर उसके खिलाफ धोखाधड़ी और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था।