ट्रेन की जनरल बोगी में भी यात्रियों को मिलेगा भोजन।
- फोटो : अमर उजाला।
रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। जनरल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को रेलवे प्रशासन ट्रेन में ही खाना उपलब्ध कराएगा। महज 80 रुपये में यात्रियों को भोजन मिलेगा। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) और टच स्टोन फाउंडेशन के बीच हुए समझौते के तहत यात्रियों को 80 रुपये में शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर इसकी शुरूआत हो चुकी है।
अब कानपुर सेंट्रल और प्रयागराज जंक्शन पर भी यह सुविधा शुरू करने की तैयारी है। इस सुविधा के तहत जनरल कोच में सवार यात्रियों को कोच में ही खाना उपलब्घ कराया जाएगा। अभी सिर्फ एसी और स्लीपर कोच में सफर करने वाले यात्रियों को ही ट्रेन में भोजन की सुविधा मिलती है। इस सुविधा के तहत जनरल कोच और एसी कोच के यात्रियों को एक ही दाम पर भोजन दिया जाएगा। दोनों ही स्टेशनों पर फूड यूनिटों और स्टॉलों पर 80 रुपये में यह थाली मिलेगी। इसमें दाल, चावल, रोटी, सब्जी और अचार होगा।