प्रयागराज-लखनऊ रेल मार्ग के लालगोपालगंज रेलवे स्टेशन के पास शनिवार सुबह ड्यूटी पर तैनात गेटमैन की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। गेटमैन रेलवे ट्रैक पर आए एक छुट्टा मवेशी को हटाने की कोशिश में मालगाड़ी की चपेट में आ गया। वह पूर्वी केबिन में तैनात था। जानकारी होने पर विभागीय अधिकारी और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रतापगढ़ के कुंडा थाना के भदरी बसनी का पूरा गांव निवासी त्रिभुवन नाथ यादव (52) लालगोपालगंज स्टेशन पर प्वाइंटमैन (गेटमैन) के पद पर कार्यरत थे। वह शुक्रवार रात आठ बजे अपनी ड्यूटी पर आए थे, जो शनिवार की सुबह आठ बजे समाप्त होने वाली थी। स्टेशन अधीक्षक प्रशांत सिंह के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे फाफामऊ की ओर से एक मालगाड़ी ऊंचाहार की तरफ जा रही थी।
उसी दौरान पूर्वी क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर एक छुट्टा मवेशी आ गया। त्रिभुवन यादव उसे ट्रैक से हटाने के लिए केबिन से बाहर निकले। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। सूचना पर त्रिभुवन के परिजन भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर आ गए।
मृतक के रिश्तेदार रवींद्र कुमार ने बताया कि त्रिभुवन की चार बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद पत्नी मीना देवी और पूरे परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।