नैनी (ब्यूरो)। औद्योगिक थाना क्षेत्र के ब्योहरा गांव के रहने वाले पेट्रोल पंप मालिक से दो करोड़ रुपए रंगदारी मांगी गई है। पैसे नहीं देने पर बेटे-बेटी के अपहरण की धमकी दी गई है। पेट्रोल पंप मालिक ने औद्योगिक थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर पड़ताल कर रही है।
ब्योहरा गांव में रहने वाले जय प्रकाश जायसवाल का चाकघाट में पेट्रोल पंप है। उनके छोटे भाई की पत्नी प्रीती जायवाल ग्राम प्रधान हैं। वह उनके प्रतिनिधि हैं। 13 सितंबर को दोपहर में जय प्रकाश के मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने धमकी भरे अंदाज में दो करोड़ रुपए रंगदारी मांगी। उसने जायसवाल नगर में गोदाम के पास पैसे पहुंचाने के लिए कहा। धमकी दी कि रकम नहीं देने पर बेटे-बेटी का अपहरण कर लिया जाएगा। इस पर जय प्रकाश सकते में आ गए। कुछ देर बाद उन्होंने उसी मोबाइल नंबर पर फोन किया। मगर नंबर स्विच ऑफ था। कई दिन तक परेशान रहे जय प्रकाश ने मामले की जानकारी घरवालों को दी। इसके बाद औद्योगिक थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। एसओ पंकज सिंह का कहना है कि रिपोर्ट लिखकर जांच की जा रही है।