एलपीजी या सीएनजी से चलने वाले वाहनों का प्रवेश कुंभ मेला क्षेत्र में प्रतिबंधित कर दिया गया है। गत दिनों सेक्टर-11 में हुई आग लगने की घटना से सबक लेकर मेला प्रशासन ने यह आदेश जारी कर दिया है। पुलिस को हिदायत दी गई है कि बैरिकेडिंग पर सख्ती से जांच की जाए और गैस चालित वाहनों को मेला क्षेत्र में प्रवेश न करने दिया जाए।
मेला प्रशासन कार्यालय में सोमवार को पुलिस अफसरों, गैस एजेंसी संचालकों, गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ हुई बैठक में कमिश्नर देवेश चतुर्वेदी ने मेला क्षेत्र में छोटे सिलेंडरों के प्रयोग पर भी प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी कर दिया। यह निर्देश भी दिए कि मेला क्षेत्र में छोटे सिलेंडर लाने ही न दिए जाएं।
बैठक में आग से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कमिश्नर ने कहा कि किसी कल्पवासी या साधु-संत को खराब गैस पाइप एवं खराब रेग्यूलेटर दिया गया है तो उसे कंपनी दर पर क्रमश: 170 एवं 250 रुपये में मौके पर ही बदल दिया जाए। उन्होंने गैस कंपनियों, फायर विभाग, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, सुपरवाइजर, लेखपाल, बिजली विभाग के अफसरों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम बनाकर हर सेक्टर में सघन जांच कराने को कहा।
कल्पवासियों को बताया जाए कि हर वक्त दो बोरा बालू और दो बाल्टी पानी स्टोर करके रखें। यह भी ध्यान रखें कि किसी एक जगह छह से ज्यादा सिलेंडर इकट्ठा न हो पाएं। पंडालों में प्रवेश और निकास की भी जांच कर ली जाए। बिजली विभाग के अफसर लोगों को बताएं कि सीएफएल, बल्ब के प्वाइंट पर हीटर, ब्लोवर न लगाया जाए। साथ ही आपात परिस्थितियों में एंबुलेंस को प्रशासनिक मार्ग का उपयोग करने के लिए निर्देश दिया।
आपात परिस्थितियों में इन नंबरों पर करें संपर्क
पुलिस कंट्रोल-1944
अग्निशमन कंट्रोल-1945
मुख्य अग्निशमन अधिकारी-9454418358
एंबुलेंस-1946, 108
मेलाधिकारी-94150411010