इलाहाबाद ब्यूरो। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की रैली के दौरान राजस्थान निवासी किसान गजेंद्र की आत्महत्या को लेकर जहां पूरे देश में भारी गुस्सा हैं और देश की संसद में बहस जारी हैं, वहीं विवि छात्रों में घटना को लेकर भारी गुस्सा है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव विवेकानंद की अगुवाई में छात्राओं ने पहले तो छात्रसंघ भवन के पास शहीद लाल पद्मधर की प्रतिमा के पास शोक सभा की फिर कैंडल मार्च निकाला।
इस मौके पर छात्र नेताओं ने किसान गजेंद्र की आत्महत्या को देश के लिए कलंक करार दिया। छात्रों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रकरण की जांच कराने की मांग की। छात्रों ने किसान गजेंद्र की मौत को लेकर आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को भी कटघरे में खड़ा किया। कहा कि एक तरफ तो आम आदमी पार्टी के अगुवा खुद को आमजन की पार्टी बताते हैं, वही पार्टी की रैली के दौरान एक किसान पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या कर लेता है और उसे कोई नहीं बचा पाया। कैंडल मार्च में विवेकानंद पाठक, अनुराग राय, हरिनाम सिंह, अनुराग पाल, फारुख खान, अवकाश सिंह बागी, आनंद दूबे, यज्ञ द्विवेदी, सुशील कुमार, राहुल सिंह, दीपक मिश्रा समेत कई छात्र शामिल थे।