समाजवादी, बहुजन समाज पार्टी समेत तमाम छोटी पार्टियों के बाद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) ने बृहस्पतिवार को जिले की दो विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। कोरांव विधानसभा सीट से चिरौंजी लाल कोल चुनाव लड़ेंगे जबकि सोरांव विधानसभा सीट से फूलचंद्र प्रेमी पार्टी को चेहरा होंगे। दोनों ही प्रत्याशी पहली बार मैदान में हैं। दोनों ही प्रत्याशी पार्टी कैडर से जुड़े हैं। अभी तक कोरांव विधान सभा सीट से रामकृपाल पार्टी का चेहरा हुआ करते थे लेकिन इस बार उन्होंने अपना पाला बदल दिया। वह कोरांव विधानसभा सीट पर पंजे के निशान पर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कोरांव में सभा कर उनके नाम की घोषणा भी की है।
पार्टी की पोलित ब्यूरो सदस्य और पूर्व सांसद सुभाषिनी अली ने दोनों प्रत्याशियों के नामों की घोषणा बुधवार को जार्ज टाउन स्थित पार्टी दफ्तर में आयोजित प्रेसवार्ता में की। इस दौरान उन्होंने वर्तमान सियासी हालात पर भी चर्चा की। दक्षिणपंथ का विकल्प वामपंथ को बताते हुए उन्होंने केंद्र सरकार को निशाने पर भी लिया। उन्होंने बताया कि विधान सभा चुनाव को छह प्रमुख वामपंथी पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी।
उन्होंने बताया कि नौ नंबर को लखनऊ में एक संयुक्त रैली भी की जाएगी। इस दौरान उन्होंने कुछ दिनों पूर्व मऊआइमा में एक तांत्रिक को लेकर हुई घटना पर पुलिसिया कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए। कहा कि भूमाफिया के दबाव में पुलिस निर्दोष लोगों को फंसाकर परेशान कर रही है। उन्होंने मामले में जिले के आलाधिकारियों को संज्ञान में लेकर इसके निस्तारण की मांग की। प्रेसवार्ता के बाद वह कोरांव में प्रत्याशी चिरौंजी लाल कोल के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करने भी गईं। बातचीत में सीटू नेता हरिश्चंद्र द्विवेदी, अखिल विकल्प, विकास मिश्रा आदि मौजूद रहे।